How and Where did buddha attain Nirvana (Enlightenment) बुद्ध ने निर्वाण कैसे और कहां प्राप्त किया
आम धारणा है कि सिद्धार्थ ने केवल एक पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर ज्ञान प्राप्त कर लिया। पहली नज़र में यह बात थोड़ी अव्यावहारिक लगती है। वास्तव में, बुद्ध का ज्ञान केवल एक स्थान पर बैठने से नहीं, बल्कि निरंतर की गई यात्राओं, विविध अनुभवों और समाज के गहरे अवलोकन से उपजा था। यात्राएं हमें जीवन के वास्तविक रंग दिखाती हैं। अलग-अलग लोग, संस्कृतियां, खान-पान और विपरीत परिस्थितियां हमारे दृष्टिकोण को व्यापक बनाती हैं।
रोहिणी नदी के पानी के लिए कोहली एवं शाक्य संघ बीच विवाद था तथा शाक्य संघ के फैसले के कारण बुद्ध को उनके समय में अपने घर से निकल जाने की सजा मिली थी। इस घटना को महाभिनिष्क्रमण कहा जाता है। ऐतिहासिक संदर्भों में देखें तो सिद्धार्थ का गृहत्याग यानी महाभिनिष्क्रमण महज़ एक घटना नहीं, बल्कि सत्य की खोज का एक सचेत निर्णय था। वे दिनभर घूमते, समाज के हर वर्ग से मिलते, उनके दुखों को समझते और शाम को थककर किसी वृक्ष की छाया में विश्राम करते। यही कारण है कि उनके जीवन में वृक्ष (बोधिवृक्ष) और प्रकृति का स्थान इतना गहरा हो गया, जिसे बाद में लोगों ने केवल एक पेड़ के नीचे ज्ञान मिलने की घटना मान लिया।
तार्किकता (Rationality)
बौद्ध दर्शन की सबसे बड़ी ताकत उसकी तार्किकता है। "कालामा सुत्त" में बुद्ध स्पष्ट कहते हैं कि किसी बात को सिर्फ इसलिए मत मानो क्योंकि वह किसी धर्मग्रंथ में लिखी है, या किसी महान व्यक्ति ने कही है। किसी भी विचार को पहले अपने विवेक और बुद्धि की कसौटी पर परखो, यदि वह कल्याणकारी लगे, तभी उसे स्वीकार करो। जहाँ कुछ पारंपरिक ग्रंथ शास्त्रों को ही अंतिम प्रमाण मानते हैं, वहीं बुद्ध ने लिखित लकीरों के बजाय मानवीय विवेक को सर्वोच्च स्थान दिया।
अत्त दीपो भव (Be Your Own Light)
बुद्ध ने मनुष्य को किसी बैसाखी या अंधभक्ति का गुलाम नहीं बनाया। उन्होंने "अत्त दीपो भव" का सिद्धांत दिया, जिसका अर्थ है अपने मार्गदर्शक स्वयं बनो। सच्चा मार्गदर्शन बाहर नहीं, भीतर है। उन्होंने किसी गुरु या परंपरा को अंधा होकर मानने को नहीं कहा, अपने विवेक और अनुभव को मार्गदर्शक बनाओ। आप स्वयं में स्वतंत्र है किसी को आराध्य बनाने एवं लकीर का फकीर बनने की आवश्यकता नहीं बल्कि हर व्यक्ति को मानसिक और वैज्ञानिक रूप से स्वतंत्र होने की प्रेरणा दी। आज के समय में यह आत्मनिर्भरता और व्यक्तिगत निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।
चार सत्य, एक समाधान (4 Noble Truth)
बुद्ध ने कहा हर इंसान के जीवन में दुख है यह पहला सत्य। हर दुख के पीछे कोई कारण होता है, अक्सर हमारी अपनी इच्छाएं और आसक्तियां, यह दूसरा सत्य। पर जहाँ कारण है वहाँ निवारण भी संभव है यह तीसरा सत्य। और इस निवारण का रास्ता है मध्यम मार्ग, सम्यक विचार और सम्यक कर्म का आचरण, यह चौथा सत्य। बुद्ध ने दुख को नियति नहीं, समस्या माना और हर समस्या की तरह इसका भी हल तलाशा। यही उनके ज्ञान को बाकी दार्शनिकों से अलग करता है: उन्होंने दुख का रोना नहीं रोया, उसका इलाज सुझाया।
वैचारिक परिवर्तन (Ideological change)
अंगुलिमाल की कथा महज़ एक कहानी नहीं, बल्कि अपराध विज्ञान का अद्भुत उदाहरण है। अंगुलिमाल बुद्ध को मार कर उनकी उंगली काटने आया था लेकिन उन्होंने उस से अंगुली काटने के पीछे का कारण पूछा और उसे इस से क्या लाभ है यह भी बताने को कहा। इन सवालों से अंगुलिमाल सोच में पड़ गया, बुद्ध ने अंगुलिमाल को डराने या मारने के बजाय, उसके तर्कों को चुनौती दी और उसके विचारों को झकझोर दिया। इस संवाद ने खूंखार डाकू का हृदय परिवर्तन कर दिया। आपको किसी को बदलने के लिए उसको मारने की आवश्यकता नहीं है। आज के आधुनिक मानवाधिकार (Human Rights) भी इसी सिद्धांत पर काम करते हैं कि अपराधी को मिटाने के बजाय उसके भीतर के अपराध बोध को मिटाकर उसे सुधरने का अवसर दिया जाना चाहिए। युद्ध किसी समस्या का अंतिम समाधान नहीं हो सकता।
अनित्यता का सत्य (Impermanence)
बुद्ध ने एक और गहरा सत्य दिया अनित्यता, यानी कुछ भी स्थायी नहीं है। न सुख, न दुख, न यह शरीर, न यह संसार। हम अक्सर चीज़ों को पकड़े रखना चाहते हैं रिश्ते, पद, यौवन, सफलता और जब वे बदलते हैं तो हमें पीड़ा होती है। बुद्ध कहते हैं कि पीड़ा इस बदलाव में नहीं, बल्कि बदलाव को स्वीकार न कर पाने में है। जो व्यक्ति अनित्यता को समझ लेता है, वह जीवन को हल्के हाथों से जीना सीख जाता है — न चीज़ों को कसकर पकड़ता है, न उनके छूटने पर टूटता है। नौकरी, रिश्ते, सफलता सब बदलते हैं। बदलाव को स्वीकार करना ही मानसिक शांति का मार्ग है। यही समझ आज के उस युग में और भी ज़रूरी हो गई है, जहाँ हर कोई स्थायित्व की तलाश में भाग रहा है, जबकि जीवन का मूल स्वभाव ही परिवर्तन है।
शस्त्र नहीं, शास्त्रार्थ (Debate/संवाद concept)
बुद्ध ने शस्त्र के स्थान पर 'शास्त्रार्थ' यानी संवाद को महत्व दिया। उन्होंने कहा यदि कोई व्यक्ति आपको पसंद नहीं है इसका सीधा मतलब है कि आप उस व्यक्ति के विचारों से सहमत नहीं है। युद्ध करके आप किसी के शरीर को हरा सकते हैं उस के दिमाग को नहीं, लड़ाई झगड़ा न करते हुए बुद्ध ने संवाद करने को सही मार्ग कहा। इतिहास गवाह है कि बौद्ध भिक्षु नागसेन और यूनानी राजा मिलिंद (Menander I) के बीच हुआ संवाद 'मिलिंदपंहो' के रूप में दर्ज है, जो दिखाता है कि विचारों की जंग हथियारों से नहीं, तर्कों से जीती जाती है।
मध्यम मार्ग ( Middle path)
सिद्धार्थ स्वयं इस सत्य के जीते-जागते प्रमाण थे। एक ओर राजमहल का वैभव जिसे उन्होंने त्याग दिया, दूसरी ओर छह वर्षों की कठोर तपस्या जिसने उनके शरीर को हड्डियों का ढांचा बना दिया। उन्होंने अति कर के भी देखी लेकिन दोनों ही छोर उन्हें सत्य तक नहीं ले गए। तभी उन्होंने मध्यम मार्ग को अपनाया, न भोग, न दमन, बल्कि संतुलन। यह सिद्धांत आज भी उतना ही प्रासंगिक है न अत्यधिक महत्वाकांक्षा जीवन को सुखी करती है, न पूर्ण त्याग। संतुलन ही वह कला है, जिसे बुद्ध ने सदियों पहले जीवन-दर्शन के रूप में सामने रखा था। यह अति' से बचने का मार्ग है यानी न तो शरीर को अत्यधिक विलासिता देना और न ही कठिन तपस्या से शरीर को सुखाना। जिसमें किसी भी चीज को extreme level पर करने से मना किया गया है, न ज्यादा गर्म, न ज्यादा ठंडा, न पूर्ण मांसाहार और न पूर्ण शाकाहार बल्कि बीच का मार्ग अपनाने की की सलाह दी।
बुद्ध ने जो चौथा सत्य दिया था सम्यक विचार और सम्यक कर्म, उसका मूल आधार विपश्यना ही थी, यानी अपने भीतर उठते हर विचार और संवेदना को बिना जज किए, neutral भाव से देखना। आज कॉर्पोरेट जगत की भागदौड़ में इंसान सफलता की सीढ़ियां तो चढ़ रहा है, पर भीतर ही भीतर खोखला होता जा रहा है target, deadline और प्रतिस्पर्धा के दबाव ने उसे खुद से ही दूर कर दिया है। यहीं विपश्यना एक औज़ार बनकर सामने आती है, जो व्यक्ति को सिखाती है कि पहले स्वयं से प्रेम करना ज़रूरी है यहां Self-love का अर्थ स्वार्थ नहीं, बल्कि स्वयं के प्रति वही करुणा रखना जो हम दूसरों के लिए रखते हैं। जब कोई project असफल हो या team में आलोचना मिले, तब खुद को कोसने के बजाय Self-compassion अपनाना यानी अपनी गलतियों को मानवीय भूल समझकर स्वयं के प्रति नरम रहना मानसिक स्वास्थ्य की सबसे बड़ी कुंजी है। पश्चिमी कंपनियां आज इसी सिद्धांत को अपनाकर कर्मचारियों के लिए mindfulness और विपश्यना शिविर आयोजित कर रही हैं, क्योंकि शोध बता चुके हैं कि जो मन भीतर से शांत है, वही बाहर उत्पादक भी है। यही आंतरिक संतुलन जब सामूहिक चेतना बनता है, तो वैश्विक शांति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता की नींव भी बनती है। जिसने स्वयं से प्रेम करना सीख लिया, वह न खुद को थकाता है, न प्रकृति को लूटता है, न किसी और मन को अशांत करता है। बुद्ध की विपश्यना इसीलिए ढाई हज़ार साल बाद भी उतनी ही प्रासंगिक है corporate cabin से लेकर हिमालय की गुफा तक।
आज सदियां बीत जाने के बाद भी बुद्ध के विचार उतने ही प्रासंगिक और जीवंत हैं। दुनिया भर में बुद्ध के दर्शन की स्वीकार्यता इसलिए बढ़ रही है क्योंकि बुद्ध के विचार आज के जीवन में भी उतने ही सटीक है जितने पहले थे। यह किसी थोपे हुए धर्म की तरह नहीं, बल्कि जीने की एक वैज्ञानिक कला की तरह काम करता है। वृक्ष भी वही नहीं रहता, पत्ते झड़ते हैं, नए आते हैं, फिर भी छाया बनी रहती है। आज भी वह पीपल का वृक्ष खड़ा है, लेकिन बुद्ध का वास्तविक ज्ञान उसकी स्थिर छाया में नहीं, बल्कि सत्य की खोज में आगे बढ़ते हर खोजी कदम में धड़क रहा है।
Article अच्छा लगने पर Share करें और अपनी प्रतिक्रिया Comment के रूप में अवश्य दें, जिससे हम और भी अच्छे लेख आप तक ला सकें। यदि आपके पास भी कोई लेख, कहानी, किस्सा हो तो आप हमें भेज सकते हैं, पसंद आने पर लेख को आपके नाम के साथ MeriZindagi.com पर पोस्ट किया जाएगा, अपने सुझाव आप kamalrules90@Gmail.Com पर भेजें
Sign up here with your email

ConversionConversion EmoticonEmoticon